तेल अवीव: राहुल गांधी के इजरायल-भारत के संबंधों पर दिए बयान की डैनियल कार्मोन ने तारीफ की है। भारत में इजरायल के पूर्व राजदूत कार्मोन ने कहा है कि गांधी ने सार्वजनिक मंच से दोनों देशों के बेहतर रिश्ते पर जो बातें कही हैं, वह उनके मुल्क के लिए काफी अहमियत रखती हैं। राहुल गांधी के इजरायल-भारत की साझेदारी को 'मान्यता देने' पर यकीनन मुझे खुशी हुई है। राहुल ने भारत-इजरायल के अच्छे संबंधों पर जोर दिया है, जिसके बाद कार्मोन का ये बयान आया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका में कहा है कि भारत को इजरायल के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने चाहिए। राहुल ने गाजा में इजरायली हमलों को गलत कहा लेकिन ये भी माना कि इजरायल से रिश्ते वक्त की जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति देश के हितों को देखते हुए तय की जानी चाहिए।

डैनियल कार्मोन ने क्या कहा है

डैनियल कार्मोन ने एक्स पर राहुल गांधी का वीडियो शेयर किया है। इसमें वह कह रहे हैं, 'मैं इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थक हूं। हमारे रणनीतिक हित हैं, जिनमें सेना के लिए हथियार खरीद भी शामिल है। मैं 7 अक्टूबर के हमलों और गाजा में इजरायल की कार्रवाई, दोनों की निंदा करता हूं। एक गलत काम को दूसरे गलत से सही नहीं होता है। भारत को उन बातों के पक्ष में खड़ा होना चाहिए, जिनमें वह विश्वास रखता है।
डैनियल ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया में लिखा, 'जो बात पिछले कई वर्षों में पूरी तरह स्पष्ट और सबके सामने आ चुकी है, उसे राहुल गांधी का समर्थन मिला है। यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। किसी भी बात को हल्के में ना लेते हुए हमें दोनों देशों के बीच दशकों पुरानी साझेदारी के महत्व को स्वीकार करना चाहिए। मुझे खुशी है कि राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से ऐसा किया है।'