माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 की दूसरी सेवाओं के ठप होने पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के यूजर्स को हुई इस परेशानी के लिए उन्हें बेहद दुख है। दरअसल, न्यूयॉर्क टाइम्स डीलबुक शिखर सम्मेलन में उन्होंने कई दिनों तक चली उस तकनीकी खराबी के बारे में बात की, जिससे 70 से ज्यादा देशों की कंपनियों, स्कूलों-कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों का काम प्रभावित हुआ। उन्होंने साफ किया कि यह समस्या किसी साइबर हमले की वजह से नहीं, बल्कि कंपनी के सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई थी। आइये, डिटेल में जानते हैं।
हैकिंग नहीं था कारण


दरअसल, इस आउटेज का कारण यह था कि जब सर्वर की क्षमता कम थी तो सिस्टम ट्रैफिक अचानक बढ़ गया। इससे एक छिपा हुआ सॉफ्टवेयर बग एक्टिव हो गया।

  • नडेला ने इसे परफेक्ट स्टॉर्म यानी एक साथ कई विपरीत परिस्थितियों का आना बताया, जिसकी वजह से माइक्रोसॉफ्ट के नेटवर्क गेटवे में समस्याएं हुईं।

  • आउटेज को ठीक करने के अलावा, नडेला ने चेतावनी दी कि सॉफ्टवेयर की कमियों का पता लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल टेक्नोलॉजी कंपनियों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर सकता है।


पावरफुल टूल से पता लगाते हैं कमियां


AI टूल अब सॉफ्टवेयर की कमियों को बहुत तेजी से ढूंढ सकते हैं, जिससे कंपनियों को सुधार लागू करने से पहले उनकी जांच करने के लिए बहुत कम समय मिलता है। इस वजह से सिक्योरिटी पैच को जल्द से जल्द लागू करने का दबाव बढ़ जाता है। कई बार तो इंजीनियरों को यह समझने का समय भी नहीं मिल पाता कि इसके प्रभाव क्या होंगे। नडेला ने यह भी कहा कि अब हमारे पास एक बहुत ही पावरफुल टूल है, जो कमियों का पता लगा लेता है।

कमियों को ठीक करने की जल्दबाजी में आ सकते हैं बग


उन्होंने बताया कि अब पैच को लगभग तुरंत लागू करने की जरूरत है, क्योंकि हैकर नई ढूंढी गई कमियों का फायदा उठा सकते हैं।

  • उन्होंने यह भी कहा है कि जैसे ही कोई पैच उपलब्ध हो, उसे तुरंत प्रोडक्शन सिस्टम में लागू करना जरूरी है, क्योंकि हैकर पहले ही इनका फायदा उठा रहे हैं और इससे सिस्टम में अस्थिरता आ सकती है।

  • इसका मतलब है कि हालांकि AI कंपनियों को सुरक्षा खामियों का तेजी से पता लगाने में मदद कर सकता है, लेकिन उन्हें ठीक करने की जल्दबाजी में नए बग आ सकते हैं और अचानक सिस्टम बंद होने जैसी समस्याएं आ सकती हैं।


पुरानी तकनीक पर भी की बात


नडेला ने पुरानी तकनीक और जरूरी बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखने में आने वाली कठिनाइयों की बात भी की। डेटा सेंटर के कूलिंग उपकरणों और अन्य जुड़े हुए हार्डवेयर सहित कई सिस्टम ऐसे फर्मवेयर पर निर्भर करते हैं, जिन्हें बड़े पैमाने पर अपडेट करना मुश्किल हो सकता है।