कटनी के बरही में तीनमंजिला मकान में लगी आग बुझाने पहुंची दमकल का ड्राइवर बिहारी कोल नशे में था। मंगलवार को आए एक वीडियो में ये खुलासा हुआ है।
दैनिक भास्कर की जांच में ये भी पता लगा है कि फायर ब्रिगेड की इस गाड़ी नंबर MP21 DA 0519 का फिटनेस सर्टिफिकेट 8 जनवरी 2022 जबकि इंश्योरेंस 5 जून 2025 को एक्सपायर हो चुके हैं। बरही नगर परिषद इसे वैध दस्तावेजों के बिना ही चला रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूरन अग्रवाल के मकान में आग बुझाने पहुंची इस दमकल को उस वक्त बिहारी कोल ही चला रहा था। पानी की बौछार करने वाली इसकी मुख्य प्रेशर लाइन टूटी थी। पाइप भी फटा हुआ था।
क्रॉकरी व्यापारी पूरन अग्रवाल के मकान में रविवार-सोमवार की रात करीब 12 बजे आग लग गई थी। हादसे में पूरन समेत परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई थी।
CMO ने कहा था- गाड़ी पूरी तरह दुरुस्त है
इससे पहले सोमवार को बरही नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) आशीष मरावी ने प्रत्यक्षदर्शियों के आरोपों को गलत बताया था। उन्होंने कहा था- हमारी फायर ब्रिगेड सही समय पर मौके पर पहुंच गई थी। गाड़ी पूरी तरह दुरुस्त है। पाइप फटा होने की बात अफवाह है।
इस पर भास्कर ने कलेक्टर आशीष तिवारी से बात की। उन्होंने कहा, ‘संबंधित वीडियो आप मुझे उपलब्ध करा दें। हम उसे जांच में शामिल करेंगे। दमकल के सर्टिफिकेट एक्सपायर होने का मामला आरटीओ से चेक कराएंगे। दोषियों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।’
आग पर काबू पाने में लगे साढ़े 5 घंटे
पूरन अग्रवाल के साले दुर्गा प्रसाद अग्रवाल ने गुस्से में कहा- हमारे परिवार के छह लोगों की मौत की जिम्मेदार बरही नगर पंचायत है। ये हादसा नहीं, हत्या है। फोन करने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। बरही नगर परिषद की इस दमकल का पाइप फटा हुआ था।
इसके बाद विजयराघवगढ़ नगर परिषद की दूसरी दमकल गाड़ी करीब 2 बजे पहुंची। फिर कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकलें भी मौके पर आईं। पड़ोसियों-रिश्तेदारों की मदद से करीब साढे़ 5 घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। तब तक सब खत्म हो चुका था।
भाई ने कहा- दमकलकर्मी अनस्किल्ड थे
वहीं, पूरन के भाई प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि हमारे भैया ने फायर ब्रिगेड को कई फोन किए। दमकल भी ऐसी आई, जो 3-4 मिनट में ही खाली हो गई। उसका पाइप भी फटा हुआ था। लेबर अनस्किल्ड थी, उनको दमकल चलाना ही नहीं आता था। अगर सब सही होता तो इतना बड़ा हादसा ना होता।’
ग्राउंड फ्लोर पर दुकान, ऊपरी मंजिलों पर निवास
पूरन अग्रवाल (77) करीब दो साल पहले ही बरही में रहने आए थे। इससे पहले वे मेन बाजार स्थित अपने पुश्तैनी मकान में रहते थे। उनके तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर क्रॉकरी की दुकान है जबकि ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार रहता था।
परिवार में पत्नी चंद्रकला, बड़ी बहू दीपिका और उसकी दो बेटियां आर्या (14) और अन्वी (6) थीं। इसके अलावा छोटा बेटा रितेश, उसकी पत्नी पूनम और दो महीने का बेटा अर्वी भी इसी मकान में रहते थे। पूरन के बड़े बेटे शालू अग्रवाल की 2024 में होली पर सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
छोटा बेटा और बड़ी बहू ही बच पाए
रविवार रात दीपावली की पूजा के बाद अग्रवाल परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। रात करीब 12 बजे दीपिका को कुछ जलने की गंध आई। वह बिस्तर से उठी। बाहर देखा तो दुकान से आग की लपटें उठ रही थीं।
उसने तुरंत रितेश को फोन किया। रितेश बिस्तर से उठकर नीचे की ओर भागा। तब तक दीपिका भी नीचे पहुंच गई थी। दुकान में प्लास्टिक का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने सीढ़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
पूरन, चंद्रकला, आर्या और अन्वी दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि पूनम अपने दो महीने के बेटे अर्वी के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में थी। आग फैलने के कारण परिवार के बाकी सदस्य मकान के अंदर ही फंस गए।
सोमवार तड़के करीब 3 बजे सिवनी में छपारा के जैन मोहल्ले में सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे के वक्त परिवार के 10 सदस्य घर में मौजूद थे।