आयुष्मान खुराना ने चुपके से की मदद, अब शोर मचा रही मेघना की सफलता, फोटो शेयर कर बताया- एक खबर ने बदली जिंदगी
Updated on
23-09-2026 11:55 AM
नई दिल्ली: भारतीय निशानेबाज मेघना सज्जनार ने बताया है कि बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने मुश्किल समय में उनकी मदद की थी। खास बात यह है कि उस समय वह मेघना को जानते भी नहीं थे, लेकिन उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर में मेघना के बारे में पढ़ा और मदद करने का फैसला किया। उनकी मदद के दम पर मेघना इस मुकाम तक पहुंची हैं कि करोड़ों देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा कर रही है।आयुष्मान की मदद से मेघना को विश्व स्तरीय राइफल मिली, जिससे उन्हें बिना किसी परेशानी के प्रतियोगिताओं की तैयारी और अभ्यास जारी रखने में मदद मिली। अब इसका फायदा पूरे देश को मिल रहा है। मेघना ने हाल ही में यहां कर्णी सिंह निशनेबाजी परिसर में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता। इसके अलावा, उन्होंने काहिरा में आयोजित 2022 और 2025 विश्व चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।सोशल मीडिया पर कहा धन्यवाद
आयुष्मान खुराना के साथ फोटो शेयर करते हुए मेघना सज्जनार ने उनका आभार जताया। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'हमारे खेल में, सटीकता ही सब कुछ है, लेकिन आपके हाथों और दिमाग में गियर भी उतना ही जरूरी है। एक साल पहले, मैं खुद को बेहतर करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन वर्ल्ड क्लास इक्विपमेंट के बिना मुश्किल हो रही थी। इसके बाद टाइम्स ऑफ इंडिया के एक आर्टिकल ने सब कुछ बदल दिया।'खबर पढ़कर आयुष्मान खुराना ने की मदद
मेघना ने आगे लिखा, 'आयुष्मान खुराना ने मेरे सफर के बारे में पढ़ा और अचानक मेरी राइफल को स्पॉन्सर और अपग्रेड करने के लिए आगे आए। वह मुझे नहीं जानते थे। हम कभी मिले नहीं थे। वह बस एक भारतीय एथलीट को ग्लोबल स्टेज पर जीतते देखना चाहते थे। उस राइफल ने मेरे लिए बराबरी का मौका दिया, जिससे मैं बिना किसी समझौते के ट्रेनिंग कर सकी, दुनिया के बेस्ट खिलाड़ियों से मुकाबला कर सकी और आज जो कुछ भी मेरे पास है, उसे हासिल कर सकी। आज, मैं आखिरकार उस आदमी से मिली, जिसने चुपचाप मेरे सपनों का साथ दिया जब मुझे सबसे ज्यादा सपोर्ट की जरूरत थी। कोई शोर नहीं, बस भारतीय खेलों के लिए पक्का सपोर्ट। आपको और ताकत मिले। जय हिंद!'