कांग्रेसियों ने दशहरे पर जलाया ज्ञानेश कुमार का पुतला:भोपाल सहित प्रदेश भर में CEC के पुतले जलाए

Updated on 20-10-2026 08:15 PM

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और एसआईआर में मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन कर रही है। भोपाल के सेकंड स्टॉप स्थित अंबेडकर जयंती मैदान पर भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया।

पुतला दहन के बाद भोपाल कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा- जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा। तब तक राहुल गांधी और जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता सड़कों पर लड़ाई लड़ते रहेंगे। और एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की महारैली में भोपाल से हजारों कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे।

भोपाल में दशहरे पर पुतला दहन कार्यक्रम में भोपाल के शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह, पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंकित दुबे, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अमित खत्री, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति, अशोक मारन, टी आर गहलोत, रामराज तिवारी, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव धनजी गिरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद थे।

ब्लॉक स्तर पर पदयात्रा और बाइक रैलियां होंगी

दशहरे के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां महात्मा गांधी या डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा से एसडीएम कार्यालय अथवा स्थानीय प्रशासनिक मुख्यालय तक पदयात्रा, साइकिल रैली या बाइक रैली निकालेंगी।

मार्च के समापन स्थल पर कार्यकर्ता संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ करेंगे, राष्ट्रगान गाएंगे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराएंगे। हालांकि, परिपत्र में दशहरे पर रावण की जगह ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने का कोई निर्देश नहीं है। पुतला दहन को ब्लॉक स्तर के मार्च के समापन कार्यक्रम से जोड़ा गया है। 25 अक्टूबर से गांव-गांव चौपाल

कांग्रेस 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ‘वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल’ अभियान चलाएगी। इसके पहले दिन प्रदेश और जिला मुख्यालयों पर वरिष्ठ प्रदेश कांग्रेस नेताओं और जिला कांग्रेस अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस होंगी। इसके बाद जिला स्तर पर कार्यकर्ता समन्वय बैठकें और ब्लॉक स्तर पर बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी।

अभियान के तहत बूथ लेवल एजेंट्स मतदाता सूचियों का सत्यापन करेंगे। जिन मतदाताओं के नाम कथित तौर पर हटाए गए हैं या जिनकी प्रविष्टियों में हेरफेर की आशंका है, उनकी जानकारी जुटाई जाएगी। सत्यापित रिकॉर्ड और मतदाता डोजियर संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कार्यालयों में जमा किए जाएंगे।

इसके बाद गांवों में चारपाई के आसपास चौपाल लगाई जाएगी। इसमें प्रभावित बताए जा रहे मतदाताओं, बुजुर्गों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों को शामिल कर मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। चौपालों में संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ, राष्ट्रगान और पर्चा वितरण भी होगा।

1 नवंबर को दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली

कांग्रेस के कार्यक्रम के मुताबिक, 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के समन्वय से मेगा राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी। इसमें सांसदों, विधायकों, प्रदेश और जिला कांग्रेस पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों तथा जमीनी कार्यकर्ताओं की भागीदारी का आह्वान किया गया है।

25-26 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’

अभियान के अंतिम चरण में 25 और 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम होगा। AICC के रोडमैप में सहारनपुर, जयपुर, अलीगढ़/मेरठ, देहरादून, चंडीगढ़ और ग्वालियर सहित छह प्रमुख मार्गों से यात्राओं के दिल्ली पहुंचने की योजना है। एमपी के सभी कार्यकर्ता 25 नवंबर को ग्वालियर में इकट्‌ठे होंगे उसके अगले दिन 26 नवंबर को दिल्ली के लिए वाहनों से रवाना होंगे।

इन यात्राओं के लिए प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस इकाइयों को वाहनों, यात्रियों और रूट कैप्टन का विवरण केंद्रीय नियंत्रण कक्ष को देने के निर्देश दिए गए हैं। आंदोलन के सभी चरणों की 24 घंटे निगरानी और समीक्षा के लिए AICC कनेक्ट सेंटर और केंद्रीय नियंत्रण कक्ष को जिम्मेदारी भी दी गई है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 20 October 2026
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे में मंगलवार सुबह 16वीं मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल 78 वर्षीय मोतीराम प्रजापति ने इलाज के…
 20 October 2026
जबलपुर में दशहरा घूमने आए 24 वर्षीय आकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसे थाने ले गई थी, जहां उसके साथ मारपीट…
 20 October 2026
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और एसआईआर में मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन कर रही…
 20 October 2026
देवास जिले के राजोदा गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के हमले से हड़कंप मच गया। इस हमले में करीब 40 लोग घायल हो…
 20 October 2026
उज्जैन में साल में एक बार दशहरे पर बाबा महाकाल की सवारी नए शहर के भ्रमण पर निकली। मंगलवार शाम 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजन के बाद सवारी…
 20 October 2026
मध्य प्रदेश में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रावण दहन किया जा रहा है। नर्मदापुरम, सीहोर और शाजापुर…
 18 October 2026
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आवेदकों की लिस्टिंग की तैयारी है। माध्यमिक शिक्षा मंडल कर्मचारी चयन मंडल से आवेदन करने वाले शिक्षकों की…
 18 October 2026
रीवा पहुंचे पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर अफसरशाही को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के मंत्री ही शिकायत कर रहे हैं…
 18 October 2026
मेरठ के दो चर्चित हत्याकांडों में अदालत ने मुस्कान रस्तोगी और रविता कश्यप को फांसी की सजा सुनाई है। दोनों मामलों में उनके प्रेमियों को भी मृत्युदंड दिया गया है।…
Advt.