आमिर खान ने जब से तीसरी शादी की, तब से वह निशाने पर हैं। उन्होंने 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट के साथ सिविल मैरिज की थी, जिसके बाद से उन पर 'लव जिहाद' के आरोप लग रहे हैं। आमिर की तीसरी शादी को लेकर हाल ही यूपी में उनके खिलाफ फतवा भी जारी किया गया और उन्हें 'गुनाहगार मुस्लिम मर्द' बताया गया। अब आमिर ने लव जिहाद के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है।आमिर खान ने 61 साल की उम्र में गौरी स्प्रैट से शादी की। यह उनकी तीसरी शादी है। पहली शादी आमिर ने रीना दत्ता से की थी, जिनसे शादी के 16 साल बाद तलाक हो गया था। उसके बाद उन्होंने किरण राव से शादी की, पर उनसे भी रिश्ता टूट गया। अब आमिर की जिंदगी में गौरी स्प्रैट ने एंट्री की। इसे लेकर बजरंग दल समेत कई हिंदू संगठनों ने आमिर पर 'लव जिहाद' का आरोप लगाया। बल्कि उन्हें 'लव जिहाद का ब्रांड एंबेसेडर' भी कहा और दावा किया कि उनकी तीनों बीवियां हिंदू हैं।आमिर खान- हमारा परिवार सभी धर्मों को साथ लेकर चलने वाला
इस पूरे विवाद पर आमिर खान ने 'रेडिफ' को दिए इंटरव्यू में कहा कि उनकी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं और उनकी किसी भी पत्नी ने कभी अपना धर्म नहीं बदला। वह बोले, 'सच तो यह है कि हमारा परिवार सभी धर्मों को साथ लेकर चलने वाला परिवार है। मेरी दोनों बहनों की शादी हिंदुओं से हुई है। मेरी बेटी की शादी भी एक हिंदू से हुई है। मेरे कजन मंसूर ने एक ईसाई महिला से शादी की है।'
'गौरी, किरण रीना ने धर्म नहीं बदला, गौरी हिंदू नहीं ईसाई हैं'
आमिर ने आगे कहा, 'गौरी, किरण या रीना में से किसी ने भी अपना धर्म नहीं बदला, क्योंकि हमारी शादियां सिविल मैरिज के जरिए हुई थीं। गौरी हिंदू भी नहीं हैं, वह ईसाई हैं, और वह भी ऐसी ईसाई जो धर्म का बहुत ज्यादा पालन नहीं करतीं। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, जिंदगी और भी मजेदार होती जा रही है।'यूपी के चीफ मुफ्ती मौलाना का फतवा
बता दें कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में यूपी के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने आमिर खान के खिलाफ मंगलवार, 14 जुलाई को फतवा जारी किया। चीफ मुफ्ती का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह कह रहे हैं, 'आमिर खान ने तीसरी शादी एक गैर-मुस्लिम खातून के साथ की है। हमने देखा कि समाज में विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि अल्लाह का जो पैगाम है वो समाज के सामने पेश किया जाए। अल्लाह का कुरान में हुकूम है कि मुस्लिम मर्द के लिए, ईमान वालों के लिए ईमान वाली मुस्लिम औरतों से शादी करना जायज है। अल्लाह ने कहा है कि अगर कोई निकाह करके इसे निभाने में नाकामयाब है तो वह गुनहगार है।''यह इस्लाम के नियमों के खिलाफ'
मुफ्ती ने कहा कि ऐसे किसी भी मुस्लिम शख्स के लिए किसी भी ऐसी गैर-मुस्लिम महिला से शादी करना गलत और नाजायज है, जो अपने पुराने धर्म पर कायम हो। यह इस्लाम के नियमों में अवैध मानी गई है। मालूम हो कि आमिर पहली शादी से एक बेटे और एक बेटी के पिता बने। दूसरी शादी से उन्हें आजाद राव नाम का बेटा हुआ। अब तीसरी शादी की है, और उनकी तीसरी पत्नी गौरी तलाकशुदा हैं, जिनका पहले से एक बेटा है।