बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस और 'बिग बॉस' फेम कुनिका सदानंद की मां कल्याणी सदानंद का गोवा में 83 साल की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार को एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी मां के निधन की जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर मां की एक पुरानी तस्वीर शेयर कर एक भावुक पोस्ट लिखा और उन्हें प्यार, मार्गदर्शन और जिंदगी की मुश्किलों का सामना करने का हौसला देने के लिए शुक्रिया कहा।कुनिका सदानंद ने अपनी मां को याद करते हुए बताया कि उनकी मां एक खुशमिजाज, मिलनसार और मजाकिया स्वभाव की महिला थीं। उन्होंने अपनी मां के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि उनका प्यार और सीख हमेशा उनके साथ रहेगा। कल्याणी सदानंद का अंतिम संस्कार गोवा में किया जाएगा, जबकि बाकी रस्में बाद में मुंबई में होंगी।मां के लिए कुनिका ने लिखा भावुक नोट
कुनिका ने अपनी मां की पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'मेरी मम्मा, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं। आपने मुझे जो कुछ भी दिया है, प्यार, मार्गदर्शन, सपने देखने और दुनिया का सामना करने का आत्मविश्वास, खूबसूरती, पर्सनैलिटी और जिंदगी की मुश्किलों का सामना करने की हिम्मत, उन सबके लिए आपका शुक्रिया। मेरी प्यारी एम्प्रेस मिसेज कल्याणी सदानंद, आप हमेशा उन लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी जिनसे आप मिलीं। दोस्त और परिवार आपको एक मजेदार, खुशमिजाज और मिलनसार इंसान के तौर पर याद करेंगे, जिनके पास हमेशा कहने के लिए कुछ अच्छा और मजेदार होता था।''आप अपने अपनों से मिलकर खुश होंगी'
कुनिका ने अपने नोट में आगे लिखा, 'मुझे यकीन है कि आप अपने भाई-बहनों और अपनों से मिलकर खुश होंगी। मेरी मम्मा, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपने एक पत्नी, मां, बहन, दादी और जिंदगी के बाकी सभी रिश्तों में अपनी जिम्मेदारियां बहुत प्यार और देखभाल के साथ निभाई।'गोवा में होगा अंतिम संस्कार
कल्याणी सदानंद का अंतिम संस्कार गोवा में किया जाएगा। इसके बाद परिवार की बाती रस्में मुंबई में पूरी होंगी। मां के निधन की खबर सामने आने के बाद कुनिका के फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
धर्मेंद्र की बड़ी फैन थीं कुनिका की मां
कुनिका ने एक पुराने किस्से को याद करते हुए बताया था कि उनकी मां धर्मेंद्र की बहुत बड़ी फैन थीं। एक बार जब कुनिका धर्मेंद्र के साथ शूटिंग कर रही थीं, तो उनकी मां भी उनके साथ सेट पर गई थीं। कुनिका ने बताया था कि उस वक्त उनकी मां की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था।सेट पर धर्मेंद्र से हुई थी खास मुलाकात
कुनिका ने बताया था कि उनकी मां को धर्मेंद्र से बात करने की बहुत इच्छा थी। उन्होंने हिम्मत करके धर्मेंद्र से पूछा कि क्या उनकी मां उनसे कुछ देर बात कर सकती हैं। धर्मेंद्र ने उनकी मां को अपने पास बैठाने और चाय पीने के लिए कहा। इसके बाद दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। उन्होंने मुंबई से लेकर पंजाब कर की बातें कीं। कुनिका ने बताया था कि वह दूर से खड़ी होकर यह देख रही थीं कि कहीं उनकी मां धर्मेंद्र को ज्यादा देर बातों में न लगा दें, लेकिन धर्मेंद्र ने खुद कहा कि उन्हें बैठे रहने दिया जाए।
परिवार और बच्चों को दी प्राथमिकता
कल्याणी सदानंद एक गृहिणी थीं और उन्होंने अपने परिवार और बच्चों की परवरिश में अहम भूमिका निभाई। कुनिका ने उन्हें ऐसी शख्सियत के तौर पर याद किया, जिनकी बातों में हमेशा अपनापन और हंसी-मजाक की झलक रहती थी।