भारतीय क्रिकेट के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी को उनके शांत स्वभाव के कारण 'कैप्टन कूल' कहा जाता है। मैदान पर मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना हो या अपनी फिटनेस को उम्र के साथ बदलती जरूरतों के अनुसार ढालना, धोनी की जीवनशैली से कई बातें सीखी जा सकती हैं।
धोनी ने कई अलग-अलग इंटरव्यू और कार्यक्रमों में फिटनेस, खानपान, खेलों में भागीदारी और मानसिक दबाव को लेकर अपनी राय रखी है। यहां उनके कुछ हेल्थ कोट्स जो आज भी काफी लोकप्रिय हैं को आगे बताया गया है।
फिटनेस और तैयारी को लेकर समझौता नहीं करना चाहिए
धोनी कहते हैं “अगर आप 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं और अपनी बेहतरीन स्थिति में नहीं हैं (फिर भी खेलते हैं), तो यह धोखा है।”
धोनी फिटनेस को खेल और सामान्य जीवन के लिए सामान अहमियत देते हैं। उनका मानना हैं कि अगर आप पूरी तरह तैयार और अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता में नहीं हैं, फिर भी मैदान पर उतरते हैं, तो यह खेल के प्रति ईमानदारी से समझौता करने जैसा है।
हालांकि, आम लोगों के लिए फिटनेस का मतलब किसी पेशेवर खिलाड़ी जैसी क्षमता हासिल करना नहीं है। हर व्यक्ति को अपनी उम्र, स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता के अनुसार व्यायाम करना चाहिए। नियमित गतिविधि से हृदय की सेहत, मांसपेशियों की ताकत और मानसिक स्वास्थ्य को फायदा मिल सकता है।
अपनी सेहत के लिए रोजाना समय निकालना जरूरी है
धोनी के अनुसार ‘अगर आप अपनी जिंदगी बदलना चाहते हैं, तो आपको बस खुद को एक घंटा देना होगा।’
धोनी ने एक निजी कार्यक्रम के 'One Hour of Fitness' अभियान के दौरान लोगों को अपनी सेहत के लिए समय निकालने के लिए प्रेरित किया था। उनका संदेश था कि व्यस्त दिनचर्या में भी व्यक्ति को अपनी शारीरिक गतिविधियों के लिए समय जरूर निकालना चाहिए।
बेहतर स्वास्थ्य के लिए खानपान की आदतों में बदलाव जरूरी है
धोनी के मुताबिक ‘आपको बदलना होगा। आप एक ही काम करते हुए अलग नतीजों की उम्मीद नहीं कर सकते।’
उनके अनुसार अगर आपको बेहतर परिणाम चाहिए, तो अपनी आदतों में बदलाव करना जरूरी है। एक ही दिनचर्या अपनाकर अलग परिणामों की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। अपने फिटनेस मंत्र के बारे में बात करते हुए धोनी ने बताया था कि समय के साथ उन्होंने अपनी खाने-पीने की आदतों में बदलाव किया। उन्होंने अपने शुरुआती क्रिकेट करियर के दौरान पसंद किए जाने वाले कुछ खाद्य पदार्थों और शुगर वाले ड्रिंक्स का सेवन कम किया।
दबाव और डर महसूस करना भी सामान्य है
धोनी के अनुसार दबाव और डर महसूस होना स्वाभाविक है। जरूरी यह है कि व्यक्ति इन भावनाओं को समझे और उनसे निपटना सीखे।
धोनी को मैदान पर शांत रहने के लिए जाना जाता है, लेकिन एक कार्यक्रम में उन्होंने स्वीकार किया था कि बल्लेबाजी के शुरुआती पलों में उन्हें भी दबाव और डर महसूस होता है।
उनका यह बयान मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश देता है। किसी चुनौती से पहले घबराहट या बेचैनी महसूस करना कमजोरी नहीं है। अपनी भावनाओं को पहचानना, कोच या भरोसेमंद व्यक्ति से बात करना और जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की मदद लेना उपयोगी हो सकता है।
उम्र के साथ फिटनेस बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत पड़ सकती है
धोनी ने माना कि'मैं अब पहले जितना फिट नहीं हूं।' एक इंटरव्यू के दौरान धोनी ने अपनी फिटनेस और उम्र के साथ आने वाले बदलावों पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि अब फिट रहने के लिए खानपान, जिम और खेलों के चुनाव पर पहले से ज्यादा ध्यान देना पड़ता है।
इस बात से यह समझा जा सकता है कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर की जरूरतें बदलती हैं। मांसपेशियों की ताकत, संतुलन और शारीरिक क्षमता बनाए रखने के लिए नियमित गतिविधि और संतुलित पोषण महत्वपूर्ण हैं।
महेंद्र सिंह धोनी के हेल्थ और फिटनेस से जुड़े बयानों में नियमित एक्सरसाइज, संतुलित खानपान, खेलों में भागीदारी और मानसिक मजबूती का संदेश दिखाई देता है। उनकी बातों से यह सीख मिलती है कि स्वस्थ रहने के लिए केवल जिम जाना ही जरूरी नहीं, बल्कि अपनी जीवनशैली में छोटे और लगातार बदलाव करना भी महत्वपूर्ण है। हालांकि, धोनी के व्यक्तिगत अनुभव हर व्यक्ति के लिए मेडिकल सलाह नहीं हैं। अपनी उम्र, स्वास्थ्य और जरूरतों के अनुसार फिटनेस रूटीन तय करना ही बेहतर तरीका है।