पश्चिम मध्य रेलवे | भोपाल मंडल
रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत आरपीएफ पोस्ट इटारसी ने लगातार तीन दिनों में तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 4 से 6 नवंबर 2026 के बीच की गई इन तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 23.634 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 6,23,250 रुपये है, बरामद किया गया। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत संबंधित स्थानीय पुलिस थानों में प्रकरण दर्ज कराए गए।
तीन दिन, तीन कार्रवाई और तीन गिरफ्तारियां
आरपीएफ इटारसी को 4 नवंबर को गाड़ी संख्या 12807 समता एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक व्यक्ति द्वारा गांजा ले जाने की खुफिया सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आरपीएफ एवं अपराध खुफिया शाखा भोपाल के जवानों ने निगरानी शुरू की। सिटी पुलिस इटारसी के साथ समन्वित कार्रवाई करते हुए नागपुर आउटर पर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 8.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये है। आरोपी रामकुमार ठाकुर, निवासी जिला नर्मदापुरम को गिरफ्तार कर थाना इटारसी में अपराध क्रमांक 1085/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी क्रम में 5 नवंबर को आरपीएफ को समता एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक अन्य व्यक्ति द्वारा गांजा ले जाने की सूचना प्राप्त हुई। संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाते हुए आरपीएफ ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और सिटी पुलिस नर्मदापुरम के साथ संयुक्त कार्रवाई की। नर्मदापुरम स्टेशन के बीटीआई छोर स्थित आउटर के निकट संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें 10.930 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2,73,250 रुपये बताई गई है। आरोपी राजू, निवासी पंचकुला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर थाना कोतवाली नर्मदापुरम में अपराध क्रमांक 1054/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
लगातार तीसरे दिन 6 नवंबर को आरपीएफ इटारसी को गाड़ी संख्या 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस के जनरल कोच में गांजा ले जाए जाने की सूचना मिली। आरपीएफ इटारसी, अपराध खुफिया शाखा भोपाल एवं विशेष खुफिया शाखा के जवानों ने ट्रेन में निगरानी की। बुधनी स्टेशन के निकट ट्रेन की गति धीमी होने पर संदिग्ध व्यक्ति सामान फेंककर उतरकर भागने लगा। आरपीएफ जवानों ने तत्काल पीछा किया और स्थानीय पुलिस एवं आरपीएफ आउटपोस्ट नर्मदापुरम को सूचना दी। इसके बाद बुधनी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त घेराबंदी में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके सामान से 6.304 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये है। आरोपी सुनील कुमार, निवासी करनाल (हरियाणा) के विरुद्ध थाना कोतवाली बुधनी में अपराध क्रमांक 492/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
खुफिया तंत्र और पुलिस समन्वय से मिली सफलता
इन तीनों कार्रवाइयों की खास बात आरपीएफ का मजबूत खुफिया तंत्र, सतत निगरानी और समयानुकूल रणनीति रही। आरपीएफ ने केवल ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों पर नजर रखने तक अपनी कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि तस्करों के संभावित उतरने के स्थानों, रेलवे आउटर और स्टेशनों के आसपास की गतिविधियों का भी आकलन किया।
तस्करों द्वारा निगरानी से बचने के लिए इटारसी के बजाय नर्मदापुरम अथवा बुधनी जैसे वैकल्पिक स्थानों पर उतरने की संभावना को ध्यान में रखते हुए निगरानी की रणनीति में तत्काल बदलाव किया गया। स्थानीय पुलिस और विभिन्न खुफिया इकाइयों के साथ सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान कर संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड ICJS पोर्टल पर भी जांचा गया। पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिलने के बावजूद भविष्य में निगरानी और सूचना संकलन के उद्देश्य से उनके डोजियर तैयार किए गए।
आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों का सराहनीय योगदान
इन सफल कार्रवाइयों में आरपीएफ निरीक्षक श्री मनीष पांडे के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट इटारसी के अधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त अपराध खुफिया शाखा भोपाल, विशेष खुफिया शाखा, आरपीएफ नर्मदापुरम तथा इटारसी, नर्मदापुरम और बुधनी की स्थानीय पुलिस का सहयोग भी सराहनीय रहा।
नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेलवे परिसरों और ट्रेनों को मादक पदार्थों की तस्करी से मुक्त रखने के लिए खुफिया तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है। ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों और संगठित नेटवर्क की पहचान कर संबंधित एजेंसियों के सहयोग से प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
लगातार तीन दिनों में मिली यह सफलता रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता, प्रतिबद्धता और बेहतर अंतर-एजेंसी समन्वय का उदाहरण है।
नशा मुक्त समाज की दिशा में आरपीएफ का सतत प्रयास।