'रामायणम्' का ट्रेलर रिलीज होते ही छा गया है। हालांकि, इसे मिक्स्ड रिस्पॉन्स ही मिला है। जहां राम के किरदार में रणबीर कपूर पर लंकापति बनकर यश भारी पड़ गए हैं, वहीं सीता बनीं साई पल्लवी से लेकर कैकेयी के रोल में लारा दत्ता, राजा दशरथ बने अरुण गोविल और शूर्पणखा बनीं रकुल प्रीत सिंह की भी झलक है। लेकिन एक झलक भगवान विष्णु की भी दिखी है, जो बताते हैं कि जब-जब सृष्टि पर संकट आया, भगवान विष्णु ने अवतार लेकर उसकी रक्षा की। इसी को देख लोग जानने को उत्सुक हैं कि आखिर 'रामायणम्' में भगवान विष्णु का किरदार कौन निभा रहा है? इसे लेकर सोशल मीडिया पर कई थ्योरी चल रही हैं।यह पहले से ही कन्फर्म है कि 'रामायणम्' में रणबीर कपूर सिर्फ राम का ही नहीं, बल्कि परशुराम का भी किरदार निभाएंगे। हो सकता है कि वह भगवान विष्णु के किरदार में भी नजर आएं, क्योंकि राम और परशुराम उन्हीं का अवतार थे। पर फिर भी यूजर्स के बीच कन्फ्यूजन है कि क्या वाकई रणबीर ही भगवान विष्णु बने हैं या फिर कोई और एक्टर? इसके लिए सौरभ राज जैन से लेकर महेश बाबू के नाम ही चर्चा हो रही है।सौरभ राज जैन बने हैं भगवान विष्णु? इस कारण हो रही चर्चा
कुछ लोगों का मानना है कि 'रामायणम्' में भगवान विष्णु का किरदार टीवी एक्टर सौरभ राज जैन निभा रहे हैं, जो टीवी सीरीज 'महाभारत'में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर मशहूर हो गए थे। उन्होंने स्क्रीन पर भगवान विष्णु और भगवान शिव शंकर का भी किरदार निभाया है। इसी कारण लोग 'रामायणम्' के साथ सौरभ राज जैन का नाम जोड़ रहे हैं। हालांकि, अभी मेकर्स की तरफ से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
महेश बाबू बने हैं भगवान विष्णु! लोगों ने ऐसे लगाया अनुमान
वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि 'रामायणम्' में भगवान विष्णु का किरदार एक्टर महेश बाबू ने निभाया है। ऐसा इसलिए क्योंकि वह एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में काम कर रहे हैं, जो एक भारतीय पौराणिक विषय पर आधारित है। फिल्म में 'रामायण' का एक सीक्वेंस भी है, जिसमें महेश बाबू ने राम का किरदार निभाया। उस सीक्वेंस से पिछले दिनों राम के अवतार में महेश बाबू की एक तस्वीर भी लीक हुई थी। अब असल में भगवान विष्णु का किरदार किसने निभाया है, यह या तो 'रामायणम्' का दूसरा ट्रेलर रिलीज होने पर पता चलेगा, या फिर फिल्म के रिलीज होने पर।
'रामायणम्' की रिलीज डेट और कास्ट
'रामायणम्' का पहला पार्ट 8 नवंबर को रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा सनी देओल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन, सौरभ सचदेवा, अंजिक्य देव, शीबा चड्ढा और कुणाल कपूर समेत कई एक्टर्स हैं। फिल्म का बजट 4000 करोड़ रुपये है।