
भोपाल। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा प्रदेश भर में दूध और इससे बने उत्पादों की जांच के लिए 20 जुलाई से चलाए जा रहे विशेष अभियान में अभी तक 4642 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 680 सैंपलों की जांच हो पाई है। जांच में 174 सैंपल अमानक पाए गए हैं, जबकि घी के 25 ब्रांड के सैंपल जांच में असुरक्षित मिले हैं। असुरक्षित सैंपलों से मतलब है कि उनमें कोई बाहरी चीज मिलाई गई है, जो जीवन के लिए खतरनाक भी हो सकती है।
अभियान के अंतर्गत पांच करोड़ 61 लाख रुपये की 11 लाख 73 हजार किलो खाद्य सामग्री मिलावट के संदेह में जब्त की जा चुकी है। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 18 उत्पादकों के रजिस्ट्रेशन भी निरस्त कर दिए गए हैं। वहीं, एनालाग पनीर पर प्रतिबंध के बाद 10,835 किलो पनीर भी जब्त किया जा चुका है।
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत लिए गए सैंपलों में से 2605 विधिक और बाकी सर्विलांस यानी निगरानी के संबंध में लिए गए हैं। अमानक पाए गए सैंपलों के निर्माताओं और विक्रेताओं के विरुद्ध कोर्ट में प्रकरण प्रस्तुत किए जाएंगे।