लखनऊ: बॉलीवुड के मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर और समाजवादी पार्टी के बीच आजकल वार और पलटवार का दौर चल रहा है। एक न्यूज चैनल से बातचीत में मनोज मुंतशिर ने अखिलेश यादव को सबसे झूठा रामभक्त बता दिया। इसके बाद सपा प्रवक्ता अमीक जामेई ने उनसे पूछा है कि वह अखिलेश सरकार में मिले यशभारती सम्मान को कब लौटाएंगे। उन्होंने अखिलेश यादव से पुरस्कार लेते हुए मनोज मुंतशिर की फोटो भी शेयर की है।सपा नेता अमीक जामेई ने अपने X हैंडल पर लिखा है- 2016 मे मेरे नेता आदरणीय अखिलेश यादव जी ने यशभारती सम्मान से कवि मनोज मुंतशीर को 12 लाख एकमुश्त और 50 हजार/महीने पेंशन आजीवन का इंतजाम कर दिया था। सरजू लाल हो गई थी 2016 में। इस फर्जी पेड राष्ट्रवादी को याद नहीं था। कब लौटाओगे यशभारती?गीतकार को बताया नया नवेला भाजपाई
वहीं, समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ने भी मनोज मुंतशिर पर कड़ा पलटवार किया है। सेल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है- कविता चोर, लंपट किस्म के इस नए नवेले भाजपाई कथित कवि रचनाकार लंपट किस्म के डायलॉग राइटर को तब अखिलेश जी में कमी नहीं दिखी जब ये उनसे यश भारती ले रहा था? तब ये अखिलेश जी के कसीदे पढ़ रहा था, अब ये नया नवेला भाजपाई बना है तो इसे तमाम खामियां दिख रही हैं। दरअसल यही तो भाजपा की साजिश है जो ऐसे लोगों को आगे करके, खरीदकर भाजपा माहौल बनाती है, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर छिप नहीं पाती है।
'इन लोगों ने सरयू का पानी लाल कर दिया'
गौरतलब है कि मनोज मुंतशिर ने कहा था कि जिन लोगों ने खून की नदियां बहा दीं। सरयू का पानी लाल कर दिया, उनकी तो मैं बात तक नहीं सुनना चाहता। ये सबसे झूठे रामभक्त हैं। हिंदू समाज इतना जागृत है कि इनके हथकंडों को बहुत अच्छी तरह समझता है।
'मुलायम ने अयोध्या में जो किया उसको कभी धुल नहीं पाएंगे'
गीतकार ने मुलायम सिंह यादव पर भी हमला बोला था। उन्होंने कहा कि सपा वाले भले पूरी जिंदगी लगा दें लेकिन जो मुलायम सिंह यादव ने अयोध्या में किया है उसको कभी धुल नहीं पाएंगे। चढ़ावा चोरी जिसने की उसको दंडित करिए। ये बहुत बड़ा अपराध है। इसके लिए जो भी जिम्मेदार है, चाहे इस तरफ से हो, उस तरफ से हो, कहीं से भी हो, उसे दंडित कीजिए। समाजवादी पार्टी के निशाने पर आने का मुझे डर नहीं है।