इंदौर, मध्य प्रदेश को प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में शुक्रवार से इंदौर में मध्य भारत के सबसे बड़े प्लास्टिक एवं पैकेजिंग एक्सपो 'प्लास्ट पैक-2026' की शुरुआत होगी।
लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में 27 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में देश के 8 से अधिक राज्यों की 450 से ज्यादा कंपनियां हिस्सा लेंगी। यहां 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में 500 से ज्यादा स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि एक्सपो में दो लाख से अधिक ट्रेड विजिटर्स पहुंचेंगे।
इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (IPPF) द्वारा मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के सहयोग से आयोजित इस एक्सपो का उद्देश्य प्रदेश में प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग के लिए निवेश, तकनीक और कारोबार के नए अवसर तैयार करना है। इस बार आयोजन की थीम 'इनोवेशन टुवर्ड्स सस्टेनेबिलिटी, क्रिएटिंग अपॉर्चुनिटी' रखी गई है।
कंपोस्टेबल प्लास्टिक से AI आधारित रीसाइक्लिंग तक दिखेंगी तकनीकें
एक्सपो में प्लास्टिक उद्योग से जुड़ी आधुनिक मशीनरी और नई तकनीकों का प्रदर्शन होगा। इनमें 100 प्रतिशत कंपोस्टेबल प्लास्टिक, पानी में घुलने वाली फिल्म्स, पेपर आधारित पैकेजिंग, मोनो-मटेरियल, रिसाइक्ल्ड प्लास्टिक रेजिन (PCR), ऑल-इलेक्ट्रिक इंजेक्शन मोल्डिंग मशीनें और AI आधारित रीसाइक्लिंग प्लांट शामिल हैं। इसके अलावा QR कोड आधारित स्मार्ट पैकेजिंग तकनीक भी प्रदर्शित की जाएगी।
इस आयोजन में प्लास्टिक कचरे के पुन: उपयोग और पर्यावरण संरक्षण की बढ़ती जरूरतों के बीच ये तकनीकें उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण हैं। कंपनियों को नई मशीनरी, उत्पादन प्रक्रिया और टिकाऊ पैकेजिंग के विकल्पों को समझने का मौका मिलेगा।
प्रदेश में 6 हजार करोड़ के निवेश वाली 105 परियोजनाएं पाइपलाइन में
IIPF के अध्यक्ष सचिन बंसल के मुताबिक मध्य प्रदेश में वर्तमान में 396 रजिस्टर्ड रबर एवं प्लास्टिक फैक्ट्रियां संचालित हैं। इनसे 35 हजार से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। इसके अलावा करीब 6 हजार करोड़ रुपए के निवेश वाली 105 नई और निर्माणाधीन परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं। इनमें इंदौर, पीथमपुर और धार औद्योगिक क्षेत्र में 1,900 करोड़ रुपए से अधिक के पॉलिमर और फिल्म प्रोजेक्ट भी शामिल हैं।
एक्सपो के जरिए प्रदेश के उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से जुड़ने, नई तकनीक अपनाने और निवेश के अवसर तलाशने का मंच मिलेगा।
युवाओं के लिए जॉब फेयर, उद्यमियों को सब्सिडी की जानकारी
एक्सपो में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के उद्योगों की भागीदारी के साथ विशेष जॉब प्लेसमेंट एवं रिक्रूटमेंट प्रोग्राम भी आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं को उद्योगों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।
वहीं, एमपीआईडीसी, एमएसएमई विभाग, सीपेट, एमएमएआई और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के हेल्प डेस्क भी लगाए जाएंगे। यहां उद्यमियों और स्टार्टअप्स को प्लास्टिक पार्क, मशीनरी पर मिलने वाली 15 से 25 प्रतिशत तक की पूंजीगत सब्सिडी, मशीनरी फाइनेंसिंग और जॉइंट वेंचर से जुड़ी जानकारी मिलेगी। तामोट (रायसेन) और बिलौआ (ग्वालियर) के प्लास्टिक पार्कों में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं से भी अवगत कराया जाएगा।
इंदौर में बढ़ेगा बिजनेस टूरिज्म
आयोजकों का मानना है कि देश के विभिन्न राज्यों से कंपनियों, कारोबारियों और निवेशकों की भागीदारी से इंदौर में बी2बी कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही शहर में बिजनेस टूरिज्म की गतिविधियां भी बढ़ेंगी। एक्सपो के माध्यम से मध्य प्रदेश के उद्योगों को नए बाजार, निवेशकों और आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।