मॉस्को, रूस ने सोवियत संघ के टूटने के बाद अपना सबसे बड़ा रक्षा बजट पेश किया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सरकार अगले 3 साल में सेना पर करीब 50 लाख करोड़ रूबल (करीब 54 लाख करोड़ रुपए) खर्च करेगी।
इस हिसाब से रूस हर साल औसतन 18 लाख करोड़ रुपए सेना पर खर्च करेगा। यह भारत के 2026-27 के सालाना रक्षा बजट 7.85 लाख करोड़ रुपए से करीब 2.3 गुना ज्यादा है। यानी रूस हर साल भारत के मुकाबले सेना पर दोगुने से भी ज्यादा पैसे खर्च करेगा।
कुल बजट का 35% हिस्सा सेना पर खर्च
बजट के मुताबिक, 2027 में रूस सरकार जितना पैसा खर्च करेगी, उसका करीब 35.2% हिस्सा अकेले सेना और रक्षा पर खर्च होगा। यानी सरकार के हर 100 रूबल में से करीब 35 रूबल सेना पर खर्च किए जाएंगे।
सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2027 में रूस सेना पर 17.15 लाख करोड़ रूबल (करीब 19.84 लाख करोड़ रुपए) खर्च करेगा। यह रकम 2026 के लिए तय 12.93 लाख करोड़ रूबल (करीब 14.95 लाख करोड़ रुपए) से 33% ज्यादा है।
इसके बाद 2028 और 2029 में रक्षा खर्च में थोड़ी कमी आने का अनुमान है, लेकिन यह पहले के मुकाबले काफी ज्यादा रहेगा।
2028: 16.61 लाख करोड़ रूबल (करीब 19.21 लाख करोड़ रुपए)
2029: 16.30 लाख करोड़ रूबल (करीब 18.85 लाख करोड़ रुपए)
युद्ध में रूस ने ₹67 लाख करोड़ खर्च किए
रूस ने नए बजट में अगले तीन साल के लिए रक्षा खर्च काफी बढ़ा दिया है।
पहले 2027 के लिए जितना पैसा तय किया गया था, उसमें करीब 3.58 लाख करोड़ रूबल (4.14 लाख करोड़ रुपए) की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, 2028 के बजट में भी करीब 3.56 लाख करोड़ रूबल (4.11 लाख करोड़ रुपए) बढ़ाए गए हैं।
रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला शुरू किया था। तब से अब तक इस युद्ध पर रूस बहुत बड़ी रकम खर्च कर चुका है।
जर्मनी के इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल एंड सिक्योरिटी अफेयर्स के रिसर्चर जेनिस क्लुग के मुताबिक, रूस यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक सेना पर करीब 58.3 लाख करोड़ रूबल यानी 67.45 लाख करोड़ रुपए खर्च कर चुका है।
अगर रूस अगले तीन साल के लिए तय पूरा रक्षा बजट खर्च कर देता है, तो युद्ध शुरू होने से लेकर 2029 तक उसका कुल सैन्य खर्च 108 लाख करोड़ रूबल यानी करीब 124.45 लाख करोड़ रुपए हो जाएगा।
इसमें सरकार की तरफ से बताए गए खर्च के साथ वह पैसा भी शामिल है, जिसे गोपनीय रखा गया है।
हालांकि, रूस का असली सैन्य खर्च इससे भी ज्यादा हो सकता है। इसकी वजह यह है कि सेना से जुड़े कुछ खर्च सरकार दूसरे विभागों के बजट में भी दिखाती है।