कटनी जिले के बड़वारा तहसील के भुड़सा गांव में समाजसेवी आशीष सिंह बिसेन की करंट लगने से मौत के बाद ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजली सब-स्टेशन के सामने धरना दिया। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। मौके पर बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
ग्रामीण सचिन सिंह ने बताया कि गांव की बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर विभाग को पहले भी कई बार लिखित आवेदन दिए गए थे। अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से भी बात की गई थी। उनके मुताबिक, अधिकारियों ने कुछ दिनों में काम कराने का आश्वासन दिया, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।
29 अक्टूबर 2026 को करंट लगने से आशीष सिंह बिसेन की मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते पुराने तार बदले जाते और सुरक्षा के इंतजाम किए जाते, तो इस घटना को रोका जा सकता था।
लाइन बदलने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने भुड़सा की पूरी बिजली लाइन का तकनीकी निरीक्षण कराने और सुरक्षित, तय मानकों के मुताबिक केबल वायर लगाने की मांग की। उन्होंने 29 अक्टूबर की घटना और पहले दिए गए आवेदनों पर हुई कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की। साथ ही, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल, प्रशासनिक अमला और विद्युत विभाग के अधिकारी ग्रामीणों को शांत कराने और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे हैं।