नई दिल्ली: भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने रविवार को कहा कि कुलदीप यादव ने श्रीलंका क्रिकेट 11 के खिलाफ अभ्यास मैच की दूसरी पारी में गेंदबाजी इसलिए नहीं की क्योंकि वह लगातार ज्यादा गेंदबाजी के बाद अपने शरीर की स्थिति को समझना चाहते थे। उन्होंने साफ किया कि बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर की फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है।कुलदीप यादव से क्यों नहीं कराई बॉलिंग?
कुलदीप ने तीन दिवसीय मैच में 18 ओवर गेंदबाजी की थी। मैच से पहले भी उन्होंने दो तीन ओवर गेंदबाजी की थी। बहुतुले ने कहा कि उन्हें आराम देने का फैसला सिर्फ सावधानी के तौर पर लिया गया था। बहुतुले ने कहा, ‘कुलदीप ने मैच में 18 ओवर और मैच से पहले करीब दो तीन ओवर गेंदबाजी की। उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। इसके बाद वह थोड़ा ब्रेक लेकर यह समझना चाहते थे कि उनका शरीर कैसा महसूस कर रहा है।’बाकी स्पिनर्स को दी गेंदबाजी
अन्य स्पिनरों रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और सारांश जैन को ज्यादा गेंदबाजी का मौका दिया गया। भारत ने इस अभ्यास मैच के जरिए श्रीलंका के खिलाफ गॉल में होने वाले पहले टेस्ट के लिए अपनी तैयारियों को परखा। बहुतुले ने कहा, ‘मानव और जडेजा ने करीब 14-15 ओवर गेंदबाजी की। उन्हें पिच को समझने का अच्छा मौका मिला। यह उनके लिए काफी अच्छी तैयारी रही।’
शुरुआत में पिच से स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिली, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ गेंद ज्यादा घूमने लगी। इससे भारतीय स्पिनरों को काफी फायदा हुआ। बहुतुले ने कहा, ‘पहले दिन पिच थोड़ी सपाट थी, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते गए, गेंद ज्यादा घूमने लगी। स्पिनरों के लिए यह अच्छा अभ्यास रहा।’
श्रीलंका की स्थिती को समझना जरूरी
भारत ने स्थानीय परिस्थितियों को समझने के लिए इस अभ्यास मैच में मजबूत टीम उतारी थी। बहुतुले के मुताबिक खिलाड़ियों ने इस मौके का अच्छा फायदा उठाया। उन्होंने कहा, ‘ज्यादातर खिलाड़ी यहां आ चुके हैं, अनुभवी खिलाड़ी हैं जैसे जड्डू यहां पहले भी खेल चुके हैं। लेकिन मानव और सारांश जैन जैसे नए खिलाड़ियों को बस यह समझना होगा कि सही लाइन और लेंथ क्या होगी। और क्षेत्ररक्षण कैसे सजाना है जो बहुत जरूरी है।’