एक तीर, इतिहास के नाम: धीरज की जीत से भारतीय तीरंदाजी ने रचा नया अध्याय, आनंद महिंद्रा भी हो गए फैन
Updated on
16-09-2026 01:41 PM
भारतीय रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा विश्व कप फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बने हैं। उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने उनको बधाई दी और कहा कि शायद रिकर्व तीरंदाजी में भारत का स्वर्णिम दौर शुरू हो चुका है। शीर्ष रैंकिंग वाले धारज ने जापान के नाकानिशी जुन्या को रोमांचक शूट ऑफ में हराकर कर इतिहास रच दिया। विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज 25 साल के धीरज ने 2023 और 2024 सत्र की निराशा को पीछे छोड़ते हुए इस बार शानदार प्रदर्शन किया।धीरज बोम्मादेवरा ने रोमांचक खिताबी मुकाबले में विश्व नंबर 20 नाकानिशी को 6-5 (28-28, 28-29, 29-28, 28-30, 28-27) से हराया। पांच सेट के मुकाबले के बाद स्कोर 5-5 से बराबर था, जिसके बाद शूट-ऑफ में धीरज ने 10-9 से जीत दर्ज की। धीरज इसी महीने होने वाले एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेने वाले हैं। 2022 में वह सिल्वर मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।आनंद महिंद्रा ने की तारीफ
आनंद महिंद्रा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'जब आर्मी के एक आदमी को इतिहास रचने के लिए एक तीर की जरूरत थी, तो उसने परफेक्ट 10 स्कोर किया। धीरज बोम्मादेवरा आर्चरी वर्ल्ड कप फाइनल में रिकर्व टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बने। लेकिन शायद यहां एक और भी बड़ी कहानी है। भारत पिछली एशियन चैंपियनशिप में छह गोल्ड के साथ कोरिया से आगे रहा। इस साल हमारे तीरंदाजों ने वर्ल्ड कप इवेंट्स में पारंपरिक ताकतवर देशों, कोरिया और चीन को बार-बार हराया है। क्या हम भारतीय आर्चरी के लिए एक सुनहरे दौर की कगार पर हैं? ऐसा जरूर लगता है कि हमारी नजरें इस पर हैं।'