ग्वालियर के झांसी रोड के अधूरे निर्माण, उड़ती धूल और चौपट होते व्यापार से गुस्साए मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MPCCI) ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने शुक्रवार को ग्वालियर जिलाधीश (कलेक्टर) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) को पत्र लिखकर अल्टीमेटम दिया है।
चेम्बर ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 3 दिनों के भीतर झांसी रोड के शेष भाग का अधूरा निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, तो व्यापारी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन व लोक निर्माण विभाग की रहेगी।
धूल से सेहत खराब, कारोबार ठप
मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव दीपक पमनानी और कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि PWD द्वारा एजी ऑफिस पास स्थित ROB से विक्की फैक्ट्री तक दोनों साइड आरसीसी की सड़क बनाई गई है।
लेकिन विकी फैक्ट्री चौराहे से चेतकपुरी आते समय नाका चंद्रवदनी से पहले (जहां कई ऑटोमोबाइल शोरूम हैं) सड़क का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके कारण दिनभर उड़ती धूल से शोरूम संचालकों व कर्मचारियों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है और उनका व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है।
कैंसर पहाड़ी मार्ग पर बढ़ा ट्रैफिक का दबाव, जाम की स्थिति
चेम्बर पदाधिकारियों का कहना है कि मुख्य हाईवे होने के बावजूद खराब स्थिति के कारण लोग इस रास्ते से निकलने से बच रहे हैं। लश्कर क्षेत्र में आने के लिए वाहन चालक कैंसर पहाड़ी और मांढरे की माता वाले रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं।
इससे कैंसर अस्पताल रोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है और कटोराताल के पास आए दिन भीषण जाम लग रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सड़क 8 इंच ऊंची, स्लोप न बनने से हादसों का खतरा
पत्र में अधिकारियों का ध्यान सड़क की खामियों की ओर भी खींचा गया है। नया मार्ग पुराने मार्ग से लगभग 8 इंच ऊंचा बनाया है, लेकिन चढ़ाव-उतार पर स्लोप (ढलान) नहीं बनाया गया।
इसके चलते श्रीराम कॉलोनी और हरिशंकरपुरम में आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी असुविधा हो रही है और वाहन पलटने का खतरा बना रहता है।
MPCCI की चेतावनी- करेंगे आंदोलन
मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने चेतावनी दी है कि व्यापारियों और शहरवासियों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए अगले 3 दिनों में प्राथमिकता के आधार पर झांसी रोड का शेष निर्माण पूरा किया जाए।
यदि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो व्यवसाई आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी PWD प्रशासन की होगी।